
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के खंड विकास कार्यालय कैराना परिसर में श्रम विभाग शामली की ओर से विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सहायक श्रम आयुक्त अरविंद कुमार मद्धेशिया के निर्देशन में लगाया गया, जिसका उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।
सोमवा खंड विकास कार्यालय कार्यालय के प्रांगण में आयोजित शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना, लघु व्यापारी मानधन पेंशन योजना तथा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ दुर्घटना, शिक्षा, विवाह व अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए भी सहायता प्रदान की जाती है।
अधिकारियों ने उपस्थित श्रमिकों को योजनाओं में पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और मिलने वाले लाभों के बारे में सरल भाषा में समझाया। शिविर में कई श्रमिकों का मौके पर पंजीकरण भी कराया गया, जिससे उनमें खासा उत्साह दिखाई दिया। अधिकारियों ने श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में योजनाओं से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की अपील की। साथ ही शिविर में श्रमिकों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर श्रम विभाग से मुनव्वर जंग, गुलजार अंसारी, खंड विकास कार्यालय से विकास चौहान, अजीत, अशोक कुमार तथा जन सेवा केंद्र संचालकों सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिकों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


