रामपुर शाहबाद
शाहबाद में ई-रिक्शा पलटी, आठ मजदूर घायल
गेंहू काटने जा रहे थे, एक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद क्षेत्र में रविवार सुबह तड़के एक ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार आठ मजदूर घायल हो गए। यह हादसा मडैयान बदे गांव के निकट हुआ। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, आठ सवारी से भरी ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। ई-रिक्शा में सवार सभी मजदूर गेंहू काटने के लिए जा रहे थे। घायलों में मोहल्ला नालापार निवासी 18 वर्षीय कुशाली, 60 वर्षीय नथिया, 60 वर्षीय इंद्रवती, 15 वर्षीय मेघा, 35 वर्षीय सर्वेश, 50 वर्षीय सोमवती, 40 वर्षीय जयवती और 60 वर्षीय कमलेश शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहबाद पहुंचाया। डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया। 60 वर्षीय इंद्रवती की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

