नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। मोहल्ला इस्लामनगर में वैवाहिक विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में एक महिला की पसलियां टूटने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला इस्लामनगर निवासी रकीबा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र दिलशाद की शादी करीब एक वर्ष पूर्व आइशा के साथ हुई थी। आरोप है कि 12 अप्रैल को घरेलू कामकाज को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आइशा ने मायके पक्ष को बुला लिया। आरोप है कि मायके से आए लोगों ने घर में घुसकर दिलशाद और उसकी मां रकीबा के साथ लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की, जिसमें रकीबा गंभीर रूप से घायल हो गई। मेडिकल परीक्षण में उसकी पसलियों में फ्रैक्चर बताया गया है। वहीं, हनीफा को भी मारपीट में चोटें आई हैं।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आइशा डेढ़ माह के बच्चे को ससुराल में छोड़कर चली गई और अब पति के साथ रहने से इनकार कर रही है। उधर, दूसरे पक्ष ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं।कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

