गोमिया में स्कूल रुआर कार्यक्रम के तहत शिक्षकों का एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गोमिया प्रखंड के स्वांग स्थित नेहरू स्मारक ऊंच विद्यालय में बुधवार को स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग झारखंड सरकार द्वारा आयोजित स्कूल रुआर कार्यक्रम के तहत प्रखंड के सरकारी शिक्षकों के एक दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े एवं बीडीओ महादेव कुमार महतो ने संयुक्त रूप से किया। इस कार्यशाला में कहा गया कि नई शिक्षा नीति में छात्रों के ठहराव तथा सभी स्तरों पर शिक्षा की सार्वभौमिक पहुंच उपलब्ध कराने का प्रावधान है। स्कूली शिक्षा का प्राथमिक लक्ष्य सभी बच्चों का नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। समग्र शिक्षा और निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के माध्यम से राज्य के प्रारंभिक शिक्षा में लगभग सार्वभौमिक नामांकन प्राप्त करने में हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। लेकिन लगातार प्रयासों के बावजूद ऊपरी कक्षाओं के छात्रों के ठहराव को बनाए रखने में अभी भी चुनौती है। 2030 तक सभी बच्चों को प्राथमिक से माधमिक स्तर तक सौ प्रतिशत नामांकन प्राप्त करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु बच्चों को जल्द से जल्द शैक्षणिक क्षेत्र में वापस लाना छात्रों को ड्रॉप आउट से रोकना है। इसके लिए शिक्षकों को निर्धारित गाइडलाइन के तहत कार्य करना है और बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान कार्यशाला में शिक्षकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से भी स्कूल रुआर कार्यक्रम को विस्तार से बताया गया। मौके पर बीआरसी इकबाल अतहर वारशी सहित कई शिक्षा विभाग के कई कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित थे।



