
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : वारासिवनी पुलिस ने एक सूदखोर आरोपी सुनील अरोरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कर्जदारों को 5 से 10 प्रतिशत ब्याज दर पर पैसे देकर आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस ने देर रात उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की।
घर से कोरे चेक, स्टांप पेपर, आधार कार्ड बरामद
आरोपी के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इनमें एटीएम कार्ड, कोरे चेक, स्टांप पेपर, आधार कार्ड, जमीन के दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र, ऋण पुस्तिका, रजिस्ट्री दस्तावेज, वाहन संबंधी कागजात और एग्रीमेंट पेपर शामिल हैं।
पुलिस ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि कितने शिकायतकर्ताओं ने अब तक शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, एसडीओपी चौधरी ने सूदखोर से प्रताड़ित अन्य लोगों से थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है और बरामद किए गए कागजी दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस आज आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर ले सकती है।
इन्होने कहा :-
आरोपी के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने सुनील पिता पितमलाल अरोरा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
अभिषेक चौधरी
एसडीओपी वारासिवनी

