बरेली
बरेली में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनाई गई पानी की टंकी गिरी, 5 घायल
कार्यदाई संस्था एनसीसी पर होगी कार्यवाही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली जिले की आंवला तहसील में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम सरदार नगर, विकास खंड आलमपुर जाफराबाद में जल जीवन मिशन के तहत बनी ओवरहेड पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ। टंकी गिरने से 5 लोग घायल हो गए।
घायलों के नाम:
घायलों में वीरपाल (45), रविन्द्र (48), डोरीलाल (35), अर्जुन कश्यप (40) और वेदपाल (50) शामिल हैं। इनमें से वेदपाल को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं अन्य चार घायलों को इलाज के लिए सिद्धि विनायक अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन पहुंचा मौके पर:
घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं। एसडीएम ने बताया कि यह टंकी गाटा संख्या 315 मि, रकवा 0.064 हे0 बंजर भूमि पर लगभग 15 वर्ष पूर्व NCC Limited कार्यदायी संस्था द्वारा बनाई गई थी।
मलबा हटाने का काम जारी:
दुर्घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या मलबे में दबे होने की जानकारी नहीं मिली है। फिर भी एहतियातन जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाया जा रहा है, ताकि कोई व्यक्ति दबा न रह जाए।
जांच के आदेश:
एसडीएम विदुषी सिंह ने बताया कि पानी की टंकी के निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाएगी। निर्माण के असमय ध्वस्त होने के लिए जिम्मेदार कार्यदायी संस्था NCC Limited और संबंधित कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।



