कैराना

थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी सख्त

बोले- शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी सुनवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित थाना समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान कुल पांच शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द समाधान के निर्देश दिए गए। थाना समाधान दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी आलोक यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत की गहनता और गुणवत्ता के साथ जांच की जाए तथा समयबद्ध तरीके से उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी मंच है। इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। वहीं पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और न्याय की पहली कड़ी है। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र निस्तारण कराया जाए। शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। एसपी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करना है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाए। इस दौरान एसडीएम शिवाजी यादव, सीओ हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री, लेखपाल तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button