प्राक्कलन समिति ने पाकुड़ में विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
Estimates Committee conducts detailed review of development plans in Pakur, stresses on transparency and timely implementation

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने शुक्रवार को पाकुड़ परिसदन सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक समिति के सभापति सह लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समिति के सदस्य सह बगोदर के विधायक नागेन्द्र महतो, घाटशिला के माननीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन तथा टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो उपस्थित रहे। समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत योजनाओं के प्राक्कलन, बजट प्रावधान एवं क्रियान्वयन की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों ने योजनाओं की आवश्यकता, उपयोगिता तथा जनहित से जुड़े पहलुओं का विस्तार से मूल्यांकन करते हुए सभी कार्यों के पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया। बैठक में पाया गया कि कुछ योजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, जिस पर समिति ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। समिति ने अनावश्यक व्यय में कटौती, संसाधनों के अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग तथा समय-समय पर प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं, विलंब के कारणों एवं उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए समिति ने कहा कि विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों की गहन समीक्षा की जाएगी, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। प्राक्कलन समिति ने मंडल कारा, राजस्व भूमि सुधार, डीएमएफटी, परिवहन, विद्युत, शिक्षा, पथ निर्माण, भवन प्रमंडल, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। समिति के सदस्यों ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, मुख्यालय डीएसपी सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



