मथुरा
अगर बूथ जीत लिया तो चुनाव जीत जाएंगे: अरुण सिंह

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। छाता में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में आगामी विधानसभा चुनाव पर जोर दिया गया। राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर बूथ जीत लिया तो चुनाव जीत लिया, यह केवल नारा नहीं बल्कि भाजपा की कार्यपद्धति है। छाता स्थित संस्कृति यूनिवर्सिटी में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण रविवार को संपन्न हो गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में जिलेभर से 200 पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अरुण सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता बूथ की मतदाता सूची का सत्यापन, पन्ना प्रमुखों की रचना और बूथ समिति का गठन समय पर करें। अंतिम रविवार को अपने-अपने बूथों पर सामूहिक रूप से मन की बात सुनें और उसके विषयों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर कमल खिलाने के लिए बूथ स्तर पर 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा। प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन परीक्षा कराई गई। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



