बेतुल

बैतूल भाजपा के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ

आठ सत्रों में विभिन्न विषयों पर वक्ताओं ने किया मार्गदर्शन

बलिदान और विचारों की यह यात्रा 100 वर्षों से अनवरत जारी है” :  कांतदेव सिंह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ सोमवार को नगर स्थित एक मैरिज लॉन में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का आरंभ भाजपा ध्वज फहराने एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठनात्मक उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा संभाग प्रभारी श्री कांतदेव सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुधाकर पवार एवं विधायकगणों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की झलक देख कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।
वर्ग का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। प्रारंभिक सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार ने प्रशिक्षण वर्ग की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ता निर्माण और वैचारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता ही किसी भी मजबूत संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। भाजपा केवल चुनाव जीतने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है, जिसके लिए कार्यकर्ताओं का सतत प्रशिक्षण आवश्यक है।
प्रथम सत्र में “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान से परिपूर्ण रहा है। हमारा इतिहास सिर्फ 46 वर्षों का ही नहीं है अपितु यह वैचारिक यात्रा बीते 100 वर्षों से निरंतर राष्ट्रहित में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवादी विचारों की रक्षा के लिए भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी और “दो प्रधान, दो निशान और दो विधान” के विरोध में संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया गया।
कांतदेव सिंह ने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार से देश की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब संसद में भाजपा की संख्या मात्र दो सांसदों तक सीमित थी, लेकिन कार्यकर्ताओं की निष्ठा, विचारधारा के प्रति समर्पण और जनविश्वास के बल पर आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठित सरकारों और वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए परिवर्तनकारी कार्यों का भी उल्लेख किया। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व संसदीय सचिव रामजीलाल उइके ने की।
 *द्वितीय सत्र में “विचार और परिवार”* विषय पर जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष *मोहन नागर* ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब विचार शक्ति प्राप्त करते हैं, तब वे समाज और राष्ट्र के जीवन को दिशा देते हैं। भारतीय संस्कृति के विचार सदैव शांति, समृद्धि और “वसुधैव कुटुंबकम्” के रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी विचार परिवार के संगठन सामाजिक जागरण और राष्ट्र निर्माण में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
मोहन नागर ने कहा कि एक समय देश के छात्र और युवा साम्यवादी विचारधारा के प्रभाव में जा रहे थे, तब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों ने युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि जहां अमेरिका के विचार शोषण आधारित और चीन की नीति विस्तारवादी है, वहीं भारत विश्व को सहअस्तित्व और मानवता का संदेश देता है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने की।
 प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला* । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा “अंत्योदय” पर आधारित है, जहां समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की चिंता की जाती है।
दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, आयुष्मान भारत और किसानों एवं महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाएं संवेदनशील शासन का उदाहरण हैं। भाजपा सत्ता को सेवा का माध्यम मानती है और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ सुशासन स्थापित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत सुरक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष बसंत बाबा मकोड़े ने की।
प्रशिक्षण वर्ग के चतुर्थ सत्र में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने “मीडिया की भूमिका” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का प्रतिनिधि होता है और उसके व्यवहार एवं वक्तव्य से भाजपा की छवि जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया के समक्ष तथ्यों, संयम और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि “मीडिया से मित्रवत संबंध रखें और संयम और आत्मविश्वास के साथ मीडिया के सामने अपना पक्ष रखें” उन्होंने कहा कि तथ्य आधारित संवाद और सत्य के साथ खड़े रहने से ही समाज में विश्वास स्थापित होता है।
इसके बाद सोशल मीडिया विषय पर सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक सूयश त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया राजनीतिक और सामाजिक संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे सकारात्मक, तथ्यात्मक और रचनात्मक कंटेंट के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि झूठ और भ्रम फैलाने वाले वातावरण में भी समाज अंततः सत्य और सकारात्मक विचारों को ही स्वीकार करता है। उन्होंने सरल भाषा, नवाचार और निरंतर संवाद को सोशल मीडिया की सफलता का मूल मंत्र बताया। सत्र की अध्यक्षता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र कपूर ने की।
वर्ग के पांचवे सत्र में *बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने “देश के समक्ष चुनौतियां”* विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि “विष केवल एक व्यक्ति को मारता है, शस्त्र भी एक व्यक्ति के प्राण लेता है, लेकिन एक गलत विचार संपूर्ण समाज और राष्ट्र को संकट में डाल सकता है।” उन्होंने कहा कि देश ने नक्सलवाद जैसी चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया है, लेकिन आज भी कुछ अर्बन नक्सली और राष्ट्रविरोधी शक्तियां समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं।
अर्चना चिटनीस ने कहा कि राष्ट्रवादी विचारों को मजबूत कर ही इन चुनौतियों का मुकाबला किया जा सकता है। उन्होंने सीमा सुरक्षा, अवैध घुसपैठ, आतंकवाद और फेक करेंसी जैसे विषयों पर केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा और अखंडता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां भारत को कमजोर करने और समाज में आत्महीनता फैलाने का प्रयास करती हैं, लेकिन राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे समाज में “स्व” और राष्ट्र गौरव का भाव जागृत करें। सत्र की अध्यक्षता पूर्व सांसद ज्योति धुर्वे ने की।
षष्ठम सत्र में बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने “बूथ प्रबंधन और मन की बात विषय का प्रवर्तन किया।
सातवें सत्र में भाजपा प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय ने “सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि हमारा राष्ट्रवाद सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है। भारत माता की जय ही हमारी संस्कृति का मर्म है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार पंचनिष्ठाएं हैं। भारत माता की जय और वंदे मातरम हमारे उद्घोष है।
 आठवां सत्र व्यवहारिक सत्र रहा जिसमें संगठन के जिला प्रभारी सुदर्शन गुप्ता ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा की। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं के साथ द्विपक्षीय संवाद भी किया।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण वर्ग में जिले के सभी मण्डलों से सूचीबद्ध भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे दिन चले आठ सत्रों में संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया, केंद्र सरकार की योजनाओं और वर्तमान राष्ट्रीय चुनौतियों पर गहन चर्चा एवं मार्गदर्शन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा का वातावरण पूरे समय दिखाई दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button