ललितपुर
जनगणना-2027 की तैयारियां तेज
ललितपुर नगर पालिका ने 311 ब्लॉकों के लिए प्रगणकों को दिया प्रशिक्षण

22 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य, आईसीसीसी सेंटर में वितरित की गई सामग्री
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर जनपद ललितपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर पालिका परिषद द्वारा आगामी 22 मई 2026 से शुरू होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यह अभियान 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में सुपर मार्केट स्थित अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमाण्ड एंड कन्ट्रोल सेंटर में जनगणना कार्य में लगाए गए सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्लॉकों के विस्तृत मानचित्र, प्रपत्र एवं जनगणना कार्य से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि फील्ड स्तर पर सर्वेक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। फील्ड ट्रेनरों एवं मास्टर ट्रेनरों ने भारत की जनगणना-2027 के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में डिजिटल माध्यम से आंकड़ों का संकलन, ऑनलाइन प्रविष्टि, घर-घर सर्वेक्षण प्रक्रिया तथा नागरिकों से समन्वय स्थापित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी 26 वार्डों को 311 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक की नियुक्ति की गई है, जबकि उनके कार्यों की निगरानी के लिए 52 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शासन द्वारा भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है। अधिशासी अधिकारी ने नगरवासियों से अपील की कि जब जनगणना प्रगणक उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा इस राष्ट्रीय अभियान में पूर्ण सहयोग दें। इस अवसर पर जनगणना प्रभारी एवं कर निर्धारण अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, जनगणना लिपिक हबीब खान, लिपिक अमित पाराशर, कम्प्यूटर ऑपरेटर भगवान सिंह कुशवाहा सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



