गोड्डा

गोड्डा में बकरीद को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट

शहर में निकाला फ्लैग मार्च

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गोड्डा जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व से पहले शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से गोड्डा पुलिस और प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च नगर थाना परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान पुलिस जवानों ने पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के दौरान गोड्डा एसडीओ वैद्यनाथ उराव एवं गोड्डा एसडीपीओ आकाश भारद्वाज मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की बात कही गई। प्रशासन की ओर से बताया गया कि पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। जिले के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है। भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। बकरीद पर्व को लेकर प्रशासन की तैयारियों और सतर्कता को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच भरोसा भी बढ़ा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button