जीएसटी बाबू जयदीप 24 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार….
मेरठ विजिलेंस टीम ने हापुड़ में की कार्रवाई...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज….
हापुड़ (यूपी) – मेरठ विजिलेंस टीम ने हापुड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही करते हुए जीएसटी विभाग के एक बाबू को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है । कार्रवाई के बाद मोहल्ला रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया । विजिलेंस टीम आरोपित बाबू को अपने साथ हापुड नगर कोतवाली ले गई और मामले में पूछताछ करते हुए कार्यवाही शुरू कर दी गई ।
जानकारी के अनुसार , हापुड़वंगे कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी के चमन सिंह का जीएसटी विभाग में एक कार्य लंबित था। आरोप है कि सहायक आयुक्त खंड-चार में तैनात स्टेनो बाबू जयदीप ने कार्य कराने के बदले 24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। आरोपित द्वारा रिश्वत नहीं देने पर काम में बाधा डालने और फाइल लंबित रखने की बात कही थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने मेरठ विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई थी । पीड़ित से शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर विजिलेंस टीम ने आरोपित को पकड़ने के लिए हापुड में जाल बिछाया और फिर विजिलेंस टीम सादी वर्दी में रेवती कुंज स्थित जीएसटी कार्यालय पहुंच गई । तय योजना के अनुसार पीड़ित चमन सिंह आरोपित के पास पहुंचा और रिश्वत की रकम बाबू को सौंप दी । जैसे ही आरोपित बाबू ने रुपये लिए , विजिलेंस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्यवाही से जीएसटी कार्यालय में अफरा तफरी का माहौल बन गया ।कार्यालय में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर जमा हो गए । विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपित के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद टीम आरोपित को अपने साथ लेकर चली गई ।



