कैराना

सभासद पर जानलेवा हमले की कोशिश, हिस्ट्रीशीटर समेत तीन पर मुकदमा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नगर के मोहल्ला आलकला में एक सभासद ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश और उसके दो अज्ञात साथियों पर फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आलकला निवासी एवं वार्ड-11 के सभासद रईस अहमद पुत्र जमशेद अली ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने पूर्व में हिस्ट्रीशीटर इनाम उर्फ धुरी के खिलाफ जानलेवा हमले के दो मुकदमे दर्ज कराए थे। आरोप है कि आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है और मुकदमों में समझौते का दबाव बना रहा है। रिपोर्ट के अनुसार रविवार की शाम करीब सात बजे इनाम उर्फ धुरी अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मोहल्ले की मस्जिद में पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने सभासद को मुकदमों में फैसला करने के लिए धमकाया। जब सभासद ने इसका विरोध किया तो आरोपी और उसके साथियों ने अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उसने किसी तरह भागकर एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भी आरोपी मकान के बाहर पहुंच गए और लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे। आरोप है कि आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान सभासद के भाई इकबाल और इमरान मौके पर पहुंचे, जिन्होंने उनकी जान बचाई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर इनाम उर्फ धुरी और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button