
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल/गुनौर : धनारी भारतीय जनता पार्टी मंडल धनारी की मासिक बैठक रविवार को पट्टी लाल सिंह स्थित सचिवालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष भुवनेश राघव ने की। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी अभियानों की तैयारियों तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष हरेंद्र सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का रामनाम का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा एवं समर्पण पर आधारित है।
जिला अध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर चलने वाला संगठन है। कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहना चाहिए। आगामी कार्यक्रमों और अभियानों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान कराने का प्रयास करना चाहिए।
मंडल अध्यक्ष भुवनेश राघव ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने सभी से पार्टी द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष गंभीर सिंह, अशोकेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य ठाकुर अवधेश प्रताप सिंह, अरविंद राणा, नोरतन सिंह, दिनेश शर्मा, रामपाल सिंह, टेकचंद, जीराज, हिरदेश वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




