पाकुड़

पाकुड़ में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, मुहर्रम एवं अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

Monthly crime review meeting held in Pakur; SP issues key directives regarding Muharram and crime control.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पुलिस अधीक्षक पाकुड़ अनुदीप सिंह (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मई माह की मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़ एवं महेशपुर, सभी पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आगामी मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों की पहचान कर नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी रखने, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने तथा सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों के समयबद्ध निष्पादन, आईटी एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के लंबित मामलों में तेजी लाने तथा लंबित वारंट एवं कुर्की आदेशों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया। मई माह के अपराध आंकड़ों की समीक्षा में बताया गया कि जिले में कुल 109 मामले दर्ज हुए, जबकि 111 मामलों का निष्पादन किया गया। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन एवं बीमा दस्तावेजों की जांच करने तथा ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की प्रविष्टि ई-डीएआर पोर्टल पर करने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने विगत पांच वर्षों में संपत्तिमूलक अपराधों में सक्रिय एवं दोषसिद्ध अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उनके नाम सीसीए, निगरानी पंजी एवं गुंडा पंजी में दर्ज कराने हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। चोरी, लूट, डकैती एवं गृहभेदन जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित गश्ती एवं सघन जांच अभियान चलाने पर भी बल दिया गया। जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को थाना आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों पर विधिसम्मत एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला अत्याचार, डायन प्रथा, बाल विवाह तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध प्रत्येक माह स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। बैठक के अंत में लंबित चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन एवं परिवाद पत्रों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button