
वन संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और वनवासियों से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा सह प्रबंधन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को केंद्रीय अध्यक्ष विष्णुचरण महतो के नेतृत्व में वन भवन, रांची स्थित कार्यालय में झारखंड के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) संजीव कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वन संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष, ग्राम वन प्रबंधन समितियों की भूमिका तथा वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने पीसीसीएफ को वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी को और मजबूत बनाने, वन प्रबंधन समितियों की समस्याओं के समाधान तथा वनवासियों से जुड़े लंबित मुद्दों से अवगत कराया। साथ ही हाल ही में आयोजित संयुक्त कार्यशाला में शामिल होकर समिति का उत्साहवर्धन करने एवं विभिन्न मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान पीसीसीएफ संजीव कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समिति द्वारा उठाई गई मांगों पर विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं और सभी मांगें विभागीय स्तर पर विचाराधीन हैं। आने वाले समय में इनके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने वन संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ग्रामीण समुदायों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णुचरण महतो, केंद्रीय सचिव मो. सुलेमान अंसारी, केंद्रीय उपाध्यक्ष कार्तिक महथा एवं गंगाधर महतो, केंद्रीय कोषाध्यक्ष आनंद कुमार महतो, केंद्रीय मीडिया प्रभारी दीपक सवाल एवं रंजीत कुमार महतो शामिल थे।



