मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की एसआईआर सम्बन्धित समीक्षा बैठक, पीवीटीजी मतदाताओं की सुविधा पर विशेष जोर
Chief Electoral Officer holds review meeting regarding SIR; special emphasis on facilitating PVTG voters.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। संथाल परगना के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पाकुड़ जिला समाहरणालय सभागार में पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विशेष रूप से पीवीटीजी (Particularly Vulnerable Tribal Group) वर्ग के मतदाताओं के लिए प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस वर्ग के मतदाताओं का विवरण ब्लॉक स्तर के कार्यालयों में उपलब्ध रहता है, इसलिए उन्हें एसआईआर के दौरान दस्तावेजों के संबंध में किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए अधिकारियों को पहले से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में ईआरओ (Electoral Registration Officer) और एईआरओ (Assistant Electoral Registration Officer) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाता सूची निर्माण, नोटिस जारी करने तथा सुनवाई से जुड़े मामलों में निर्णय लेने के दौरान सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने यह भी बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान नए पात्र मतदाताओं को जोड़ने का भी प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं और मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं, वे 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इन्यूमरेशन फेज तथा 5 अगस्त 2026 से 4 सितंबर 2026 तक की दावा-आपत्ति अवधि के दौरान प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी गोड्डा लोकेश मिश्रा, पाकुड़ की जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज, साहिबगंज के जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दुबे सहित तीनों जिलों के ईआरओ, एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



