जालौन

18 मुकदमों वाला शातिर अपराधी चोरी की स्कूटी समेत गिरफ्तार

गैंगस्टर, एनडीपीएस, हत्या के प्रयास, गोवध जैसे गंभीर मामलों में रहा शामिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली जालौन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 18 मुकदमों में वांछित एक शातिर अपराधी को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास इतना लंबा है कि उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट से लेकर हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और चोरी जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में  अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली जालौन पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब 4.30 बजे बंगरा रोड स्थित छेपुला के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूंछतांछ की। जांच में उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी संख्या यूपी 24एई 7309 बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान इलियास उर्फ आजाद निवासी मोहल्ला खटीकान, कस्बा एवं थाना जालौन के रूप में की। बरामद स्कूटी मुकदमा अपराध संख्या 131/2026 धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित पाई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार इलियास उर्फ आजाद कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ वर्ष 2008 से अब तक कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी, धोखाधड़ी, गोवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। लंबे समय से पुलिस की निगरानी में चल रहे इस अपराधी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। गिरफ्तारी अभियान में कस्बा चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शिवम सिंह सेंगर, कांस्टेबल विवेक राजपूत तथा हेड कांस्टेबल अमन की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार शातिर अपराधी इलियास उर्फ आजाद, जिसे कोतवाली जालौन पुलिस ने बंगरा रोड स्थित छेपुला के पास से गिरफ्तार किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button