जालौन
ब्लॉक जालौन में ग्रामीण मजदूरों का धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मजदूरी बढ़ाने, स्मार्ट मीटर पर रोक और 200 यूनिट मुफ्त बिजली की उठाई मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर महासभा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर गुरुवार को ब्लॉक जालौन में ग्रामीण मजदूरों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। धरना समाप्त होने के बाद संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूर वर्ग बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी ग्रामीणों के जॉब कार्ड बनाए जाएं, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही वर्तमान में मिल रही 252 रुपये प्रतिदिन मजदूरी को बढ़ाकर 729 रुपये प्रतिदिन किए जाने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर व्यवस्था का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटरों से आम जनता परेशान है। ज्ञापन में बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने तथा प्रदेश में भी 200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा निजी कंपनियों एवं सूदखोरों द्वारा ग्रामीण गरीबों को ऊंची ब्याज दरों पर ऋण देकर आर्थिक शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए ऐसे ऋणों पर ब्याज माफी की मांग की गई। संगठन ने सीलिंग, बंजर एवं परती भूमि पर निवास कर रहे गरीब परिवारों को बेदखल करने के बजाय उन्हें भूमि का पट्टा दिए जाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। धरना-प्रदर्शन में एक्टू राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रामसिंह चैधरी, राजीव, रमेश चंद्र टेलर, सुरेश, आसाराम, शिवबालक, संपूर्णानंद सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मजदूर मौजूद रहे।


