एसआईआर प्रशिक्षण सह-संवाद कार्यक्रम में संगठन सशक्तीकरण पर जोर, कार्यकर्ताओं को दिए गये दिशा-निर्देश
Emphasis on organizational strengthening at the SIR training-cum-interaction program; guidelines issued to workers.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को आयोजित एसआईआर प्रशिक्षण सह-संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अल्पसंख्यक अध्यक्ष सह राजमहल प्रभारी मंजूर अंसारी ने कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंजूर अंसारी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय रहकर जनसंपर्क अभियान तेज करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में समर्पित भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ पार्टी की नीतियों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रशिक्षण सह-संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना है। इस दौरान एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अपने दायित्वों का शत- प्रतिशत निर्वहन सुनिश्चित करने की सलाह देते हुए कहा कि आम नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया में अपना नाम दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही नियमानुसार प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सरल एवं सुगम प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, जिला अध्यक्ष बरकत खान, कांग्रेस महासचिव उदय लखमणि, मुख्तार हुसैन, सेमिनुल इस्लाम, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, जिला परिषद सदस्य मानजुला हसदा, मुखिया प्रतिनिधि सेलिम हुसैन, अमीर हमजा, रामविलास महतो, कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



