महेशपुर विधानसभा को मिली तालवा–खारू टोला सड़क निर्माण की सौगात- प्रो. स्टीफन मरांडी
Maheshpur Assembly constituency receives the gift of the Talwa-Kharu Tola road construction project: Prof. Stephen Marandi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। महेशपुर के विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने प्रखंड स्थित झामुमो कार्यालय में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि महेशपुर विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित तालवा–खारू टोला सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने उनके प्रयास एवं क्षेत्रवासियों की मांग को स्वीकार करते हुए गुरुवार को हुई मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में इस बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजना के तहत पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत तलवा से खारू टोला पथ (सलपानी होते हुए, लंबाई 11.770 किमी) तथा चंदना से श्रीधरपाड़ा लिंक पथ (लंबाई 6.140 किमी) सहित कुल 17.910 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण के लिए ₹128.20 करोड़ (₹128,20,34,500) की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। परियोजना में पुलों का निर्माण, पौधारोपण, भूमि अधिग्रहण एवं उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण का कार्य भी शामिल है। विधायक ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद पाकुड़िया और महेशपुर प्रखंड के दर्जनों गांव बेहतर सड़क संपर्क से जुड़ जाएंगे। इससे लोगों का प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय, अस्पताल तथा पश्चिम बंगाल तक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं, जिनमें अमड़ापाड़ा– चंडालमारा सड़क, बाबूपुर–सिलकुट्टी सड़क तथा उच्चस्तरीय पुल निर्माण शामिल हैं, के लिए भी सरकार एवं पथ निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। उन्हें उम्मीद है कि इन योजनाओं को भी शीघ्र स्वीकृति मिलेगी। प्रो. मरांडी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास की पहचान अच्छी सड़क और पुल-पुलियों से होती है तथा महेशपुर विधानसभा में इस दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। उन्होंने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। सड़क परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिलने की खबर से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।



