पाकुड़

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पाकुड़ में आईएसआई हेलमेट का वितरण

Distribution of ISI-marked helmets in Pakur under the road safety campaign.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अदानी ट्रांसमिशन कंपनी, पाकुड़ द्वारा बुधवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पाकुड़–हिरणपुर मुख्य मार्ग स्थित सर्किट हाउस चौक (टीवीएस शोरूम के समीप) में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतों और गंभीर सिर की चोटों का मुख्य कारण हेलमेट का उपयोग नहीं करना है। उन्होंने कहा कि आईएसआई मार्कयुक्त हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है। वाहन चलाते समय हेलमेट का स्ट्रैप सही ढंग से बांधने से दुर्घटना की स्थिति में सिर की गंभीर चोटों और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस अवसर पर लगभग 15 से 20 दोपहिया वाहन चालकों के बीच आईएसआई मार्कयुक्त उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट निःशुल्क वितरित किए गए। लाभार्थियों ने स्वयं हमेशा हेलमेट पहनने और अपने परिवार तथा परिचितों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी, पुलिस उपाधीक्षक उज्जवल कुमार शाह, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, अदानी ट्रांसमिशन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव कुमार डे, सड़क सुरक्षा से जुड़े कर्मी, टीवीएस शोरूम के प्रबंध निदेशक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग यदि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाकर अनेक लोगों का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button