भाजपा झिकरहाटी मंडल की बैठक संपन्न, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति पर जताई चिंता
BJP Jhikarhati Mandal meeting concludes; concern expressed over the progress of the special intensive revision drive.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झिकरहाटी मंडल इकाई की बैठक बुधवार को मंडल अध्यक्ष सुरेश मंडल की अध्यक्षता में लखनपुर स्थित श्यामचंद मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सह मंडल प्रभारी हिसाबी राय, जिला महामंत्री रूपेश भगत तथा मंडल के विभिन्न पंचायतों के बीएलए-2 सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों की समीक्षा की गई। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लखनपुर सहित आसपास के हिंदू बहुल क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा गणना प्रपत्रों का घर-घर जाकर समुचित वितरण नहीं किया जा रहा है और मतदाताओं को फॉर्म भरने में अपेक्षित सहयोग भी नहीं मिल रहा है। बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि इस स्थिति का लाभ उठाकर कुछ लोग मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण के फॉर्म भरने के नाम पर 20 से 50 रुपये तक की राशि वसूल रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। जिला महामंत्री रूपेश भगत ने बैठक में कार्यकर्ताओं एवं बीएलए-2 को विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का यह अभियान मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संबंधित बीएलओ के समन्वय से प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने और उन्हें फॉर्म भरने में सहयोग करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे। उन्होंने कहा कि यदि अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या या अनियमितता सामने आती है, तो उसकी जानकारी मंडल अध्यक्ष के माध्यम से जिला पदाधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। बैठक में चुनाव संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा मतदाताओं की हरसंभव सहायता करने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में मंडल महामंत्री विक्रांत राजवंशी, अरुण मंडल, उपाध्यक्ष सुशांत घोष, शिशु मंडल, सहदेव भास्कर प्रभु, निमाई घोष, मुस्तफा शेख, शिवप्रसाद मंडल, श्रीकांत मंडल, बानेश्वर रविदास, प्रकाश घोष, काशी रविदास, नरेन घोष, हरेराम भास्कर, प्रणव राजवंशी सहित मंडल के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।



