बोकारो

उत्क्रमित उच्च विद्यालय बगदा में बाल अधिकार पर स्कूल इंटरवेंशन कार्यक्रम आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। सहयोगिनी संस्था द्वारा कसमार प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बगदा में विद्यालय आधारित जागरूकता कार्यक्रम (स्कूल इंटरवेंशन) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को बाल अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी, शिक्षा का अधिकार (आरटीई), बाल अधिकार एवं भारतीय संविधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह, बाल मजदूरी और बाल तस्करी न केवल सामाजिक बुराइयाँ हैं, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध भी हैं। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत प्रत्येक बच्चे को 6 से 14 वर्ष की आयु तक निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा के अधिकार की जानकारी दी गई। साथ ही भारतीय संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व जैसे मूल्यों पर चर्चा करते हुए बच्चों को जिम्मेदार, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनने का संदेश दिया गया। प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहयोगिनी संस्था के परियोजना समन्वयक श्री प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से कसमार प्रखंड के 19 गांवों में किशोर-किशोरियों के नेतृत्व क्षमता विकास, जीवन कौशल शिक्षा, लैंगिक समानता, बाल संरक्षण तथा महिलाओं एवं किशोरियों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था वंचित वर्ग की किशोरियों एवं महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनके साथ होने वाली विभिन्न प्रकार की हिंसा की रोकथाम एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से बाल विवाह, बाल मजदूरी एवं बाल तस्करी जैसी कुरीतियों के विरुद्ध अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने तथा शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया गया।

मौके पर संस्था की एनिमेटर संगीता देवी, शिक्षक राजेश कुमार दास, गंगा सागर साव, परमेश्वर महतो, हरिश्चंद्र लोहार, प्रताप कुमार, संजय कुमार सिंह, बलराम महतो, आनंद मोहन वर्मा, तीर्थनाथ महतो, राहुल कुमार पुष्कर, आधा कुमारी, वीणा कुमारी, रीना कुमारी, सोनाली कुमारी, बबीता कुमारी, खुशी कुमारी, रानी कुमारी, अनामिका झा एवं सुप्रिया कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button