भरत पुर

सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में गुर्जर समाज का प्रदर्शन।

बयाना-हिंडौन स्टेट हाईवे पर एक घंटे जाम, प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

भरतपुर,बयाना। करौली के पांचना बांध से गंभीर नदी में पानी छोड़े जाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच सोशल मीडिया पर गुर्जर समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर बुधवार को बयाना में विरोध प्रदर्शन हुआ। आक्रोशित युवाओं ने बयाना-हिंडौन स्टेट हाईवे पर रसेरी मोड़ के पास लकड़ी और पत्थर डालकर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रखा। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिराम कुमावत, सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर जाम खोल दिया गया और यातायात सामान्य हो सका। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने गुर्जर समाज के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान यह मांग भी उठाई गई कि करौली और सवाई माधोपुर जिलों में पांचना बांध के पानी की निकासी को लेकर विभिन्न स्थानों पर लगाए गए जामों को भी प्रशासन तत्काल खुलवाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्वक जाम हटा दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति नियंत्रण में रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button