गोड्डा
ई-विद्यावाहिनी आधारित जिला स्तरीय प्रशिक्षण का द्वितीय बैच सफलतापूर्वक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला शिक्षा विभाग के तत्वावधान में डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में ई-विद्यावाहिनी आधारित अनुश्रवण, शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान के प्रभावी मूल्यांकन विषय पर आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी (गुणवत्ता शिक्षा) अजय कुमार ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ई-विद्यावाहिनी आधारित अनुश्रवण प्रणाली विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि आधारभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान (FLN) राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का प्रमुख लक्ष्य है तथा इसकी सफलता विद्यालय स्तर पर नियमित शैक्षणिक सहयोग, प्रभावी अनुश्रवण एवं सतत मूल्यांकन पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी सीआरपी एवं बीआरपी से अपेक्षा की कि वे विद्यालयों में नियमित भ्रमण कर शिक्षकों का शैक्षणिक मार्गदर्शन करें तथा बच्चों के अधिगम स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाना, ई-विद्यावाहिनी आधारित अनुश्रवण प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा FLN के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करना है। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नई हिंदी एवं गणित की पाठ्यपुस्तकों की संरचना एवं उद्देश्य, भाषा एवं गणित शिक्षण की प्रभावी रणनीतियां, गतिविधि एवं खेल आधारित शिक्षण, कक्षा अवलोकन प्रभावी शैक्षणिक फीडबैक, ई-विद्यावाहिनी प्लेटफ़ॉर्म के तकनीकी पहलू, संशोधित अनुश्रवण संकेतक, गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन, सपोर्ट असेसमेंट तथा विद्यालय भ्रमण के दौरान अपनाई जाने वाली मानक कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मौके पर सीआरपी, बीआरपी सहित शिक्षा विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।



