जालौन
विकासखंड रामपुरा की क्षेत्र पंचायत बैठक में विकास योजनाओं की हुई समीक्षा
ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने साझा किए पांच वर्ष के अनुभव

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। विकासखंड रामपुरा क्षेत्र पंचायत की संभवतः अंतिम बैठक मंगलवार को ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शासन द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा ग्रामीण विकास, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के अंत में ब्लॉक प्रमुख ने भावुक संबोधन देते हुए पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही पेयजल समस्या, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका से संबंधित योजनाओं, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की वार्षिक कार्ययोजना, राज्य वित्त आयोग एवं 16वें वित्त आयोग की अनुदान निधि, विभिन्न पेंशन योजनाओं तथा शासन द्वारा संचालित अन्य विकास कार्यक्रमों की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह सेंगर ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की यह संभवतः उनके वर्तमान कार्यकाल की अंतिम बैठक है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और अधिकारियों के सहयोग से विकासखंड में अनेक जनहितकारी कार्य संपन्न हुए हैं। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई। ब्लॉक प्रमुख ने शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि कायाकल्प मिशन के तहत विकासखंड के 30 विद्यालयों को स्मार्ट बोर्ड से सुसज्जित किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी लगातार कार्य किए गए हैं। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया तथा कहा कि कृषि के साथ पर्यटन को बढ़ावा देकर भी क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। अजीत सिंह सेंगर ने कहा कि कालपी से पंचनद तक का क्षेत्र प्राकृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए तो स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। बैठक के समापन पर ब्लॉक प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार यादव, एडीओ समाज कल्याण निरपत सिंह, एडीओ ग्राम विकास मनोज कुमार बाथम, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भारत सिंह, अवर अभियंता लघु सिंचाई सुरजीत सिंह, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, एनआरएलएम के बीएमएम बृजेश कुमार, शाइस्ता, समस्त ग्राम पंचायत अधिकारी, तकनीकी सहायक, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


