खैरथल
खैरथल तिजारा जिले में गर्भवती महिलाओं की जांच शुरू 18 जुलाई तक चलेगा अभियान
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर रहेगा फोकस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल : खैरथल तिजारा जिलेमें गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच हेतु विशेष अभियान प्रारंभ, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर विशेष फोकस
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला खैरथल-तिजारा के निर्देशन में एवं जिला प्रजनन एवं स्वास्थ्य अधिकारी खैरथल तिजारा के सुपरविजन में जिले में गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित मातृत्व एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान जिले के समस्त सरकारी चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, उप स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व (ANC) जांच की जाएगी। जांच के दौरान हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, वजन, ब्लड शुगर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाएंगे तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण एवं परामर्श दिया जाएगा।
अभियान में आशा सहयोगिनी, एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करेंगे। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) वाली महिलाओं की समय पर पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे निकटतम स्वास्थ्य संस्थान पर पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं तथा सुरक्षित मातृत्व के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।



