सिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने दिए एक सप्ताह में पौधारोपण का लक्ष्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश

सीएम हेल्पलाइन में तीसरा स्थान मिलने पर टीम को सराहा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली । नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान द्वारा निगम क्षेत्र में संचालित पौधारोपण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान आयुक्त ने पौधारोपण कार्य की गति पर असंतोष और नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने समय-सीमा तय करते हुए कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराएं। इसके साथ ही उन्होंने रोपे गए पौधों की प्रामाणिक जानकारी को संबंधित शासकीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की हिदायत भी दी।

बैठक में आयुक्त प्रधान ने नगर निगम सिंगरौली को मिली प्रशासनिक उपलब्धि की जानकारी देते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में नगर निगम सिंगरौली पूरे मध्य प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा है। आयुक्त ने इस सफलता को पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों और बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय का परिणाम बताया। उन्होंने टीम में नया जोश भरते हुए आह्वान किया कि अब हमें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करना है, ताकि आगामी रैंकिंग में सिंगरौली नगर निगम पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल कर सके।
आयुक्त ने प्रशासनिक कसावट लाते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि जनता को समय पर राहत देना और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना ही निगम की मुख्य जिम्मेदारी है। बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, हेल्थ ऑफिसर बी.जी. चतुर्वेदी सहित नगर निगम के समस्त सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button