बरेली
कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों को मिलेगा शुद्ध भोजन
खाद्य विभाग की 5 टीमें मार्गों पर सक्रिय, मिलावट पर सख्त कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को मिलावटमुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश और डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर सहायक आयुक्त खाद्य राहुल सिंह के नेतृत्व में विभाग की पांच टीमें शुक्रवार को पूरे दिन सक्रिय रहीं। टीमों ने कांवड़ मार्ग स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट, ठेलों, रेहड़ी-फेरी वालों और फल विक्रेताओं का सघन निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर फूड लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराए गए। साथ ही फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का क्यूआर कोड भी चस्पा कराया गया, जिससे श्रद्धालु सीधे विभाग तक शिकायत दर्ज करा सकें। शिकायत मिलते ही निकटतम खाद्य सुरक्षा टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
निरीक्षण में कारोबारियों को खुले मसालों, कृत्रिम रंगों और बासी भोजन का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। ताजा भोजन, ताजे फल-सब्जियों और पैक मसालों के उपयोग पर जोर दिया गया। कटे व सड़े फलों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की चेतावनी भी दी गई। अधिकारियों ने आमजन को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल उपस्थित रहे।



