पाकुड़

जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में यंग डेमोक्रेट्स झारखंड का धरना प्रदर्शन

'Young Democrats Jharkhand' stages a protest against the lathi-charge on students at Jantar Mantar.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जंतर-मंतर पर न्याय, शिक्षा सुधार और नीट परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में यंग डेमोक्रेट्स झारखंड की ओर से शनिवार को पाकुड़ में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए एसडीपीआई के प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य मो. हंजेला शेख ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं की न्याय, शिक्षा सुधार एवं रोजगार से जुड़ी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने के बजाय केंद्र सरकार ने दमनात्मक रवैया अपनाया है।
यंग डेमोक्रेट्स झारखंड के नवनियुक्त स्टेट ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के कन्वेनर उमर फारूक ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना और सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए। यंग डेमोक्रेट्स की नेशनल ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के सदस्य रॉनी शेख ने कहा कि निहत्थे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं की समस्याओं का समाधान बातचीत और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। एसडीपीआई के प्रदेश उपाध्यक्ष हबीबुर रहमान ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों, युवाओं, किसानों तथा समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। धरना प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्रों और युवाओं की मांगों के समर्थन में नारे लगाए तथा केंद्र सरकार से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाने की अपील की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button