जालौन
जालौन पहुंचे सपा सांसद सनातन पांडे, योगी सरकार पर बोला तीखा हमला
शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे सांसद ने नजरबंदी, कानून-व्यवस्था, सरकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री के बयान पर उठाए सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन। बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे रविवार को जालौन नगर पहुंचे। उन्होंने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता दीपू त्रिपाठी के आवास पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय रामप्रकाश त्रिपाठी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि उनका जालौन आगमन पूरी तरह पारिवारिक एवं शोक संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से है।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद सनातन पांडे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया जालौन दौरे से पहले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली सरकार कभी विपक्ष से नहीं डरती, लेकिन उत्तर प्रदेश में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं को नजरबंद करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसका जवाब समाजवादी पार्टी जनता के बीच जाकर देगी।
सांसद ने प्रदेश सरकार की योजनाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान और आम जनता के लिए कोई प्रभावी योजना धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार में गरीब परिवारों और बेटियों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार उन जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने में विफल रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपने भाषण में पूर्व सपा विधायक विनोद चतुर्वेदी का उल्लेख किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा कि यदि वह किसी प्रकार के अपराधी या माफिया नहीं थे तो उन्हें समाजवादी पार्टी छोड़ने की आवश्यकता नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि संभव है उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए किसी बड़े प्रलोभन का प्रस्ताव मिला हो।
मीडिया की भूमिका पर बोलते हुए सांसद सनातन पांडे ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया और विपक्ष दोनों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार सामने आ रही घटनाओं से सरकार घबराई हुई है और जनता के बीच सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।



