जालौन

कालपी प्रेस क्लब की मासिक बैठक सम्पन्न

स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने पर बनी सहमति

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कालपी (जालौन)। कालपी प्रेस क्लब की मासिक बैठक रविवार को क्लब अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी के आवास पर संरक्षक बृजेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पत्रकार साथियों ने समारोह को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश का राष्ट्रीय पर्व है, जिसे पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गणतंत्र दिवस पर शहीद पार्क, तहसील परिसर में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन किया गया था, उसी परंपरा को इस बार भी आगे बढ़ाया जाएगा।
पत्रकार प्रजापति ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को सम्मानित करने का सुझाव दिया। वहीं आर.एन. शुक्ला ने समारोह के लिए ऐसा स्थान एवं समय निर्धारित करने की बात कही, जिससे अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। हरिश्चंद्र दीक्षित ‘बापू’ ने शहीद पार्क में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण तथा मुख्य समारोह दोपहर बाद आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। सतीष द्विवेदी ने भी कहा कि प्रातःकाल पत्रकारों को विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रमों की कवरेज करनी होती है, इसलिए मुख्य समारोह दोपहर बाद आयोजित किया जाना अधिक उपयुक्त रहेगा।
बैठक में मनोज पाण्डेय, विवेक निगम, संजीव नगाइच, शिवांग शुक्ला, रोहणी शर्मा, सर्वेश शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार रखे और समारोह को यादगार बनाने के सुझाव दिए।
बैठक का संचालन करते हुए कालपी प्रेस क्लब के महामंत्री पवनदीप निषाद ने कहा कि सभी साथियों के सुझावों को गंभीरता से दर्ज किया गया है। आगामी बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा तथा समारोह को और अधिक भव्य एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने अनुपस्थित पत्रकार साथियों से अगली बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि बैठक की तिथि, समय एवं स्थान की सूचना दो दिन पूर्व क्लब के आधिकारिक ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध करा दी जाएगी।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button