साहेबगंज
30 जुलाई को साहिबगंज में एमएसएमई इकाइयों के लिए राष्ट्रीय कार्यशाला
निर्यात व सरकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विकास कार्यालय, धनबाद द्वारा 30 जुलाई को साहिबगंज के सिदो-कान्हू सभागार में एमएसएमई इकाइयों के लिए एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला एवं गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विकास आयुक्त (एमएसएमई), एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन आयोजित किया जा रहा है। कार्यशाला का शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम में साहिबगंज के उपायुक्त मुख्य अतिथि तथा उप विकास आयुक्त विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसमें साहिबगंज एवं आसपास के जिलों की 130 से अधिक एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। कार्यशाला का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को निर्यात प्रक्रिया, झारखंड की एक्सिम (निर्यात-आयात) नीति, निर्यात के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से सरकारी खरीद एवं बिक्री की प्रक्रिया तथा विभिन्न एमएसएमई योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है। विशेषज्ञ उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और नए बाजारों तक पहुंच बनाने के संबंध में भी मार्गदर्शन देंगे। एमएसएमई विकास कार्यालय ने जिले के समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक उद्यमी इस कार्यशाला का लाभ उठा सकें।



