मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक
साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो |
शामली। “सुरक्षित नारी, सशक्त समाज” की थीम पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को शामली पुलिस ने जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 181, महिला पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं, ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया एवं नागरिक सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, लिंक फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड तथा फर्जी कस्टमर केयर कॉल से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। महिलाओं को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम सहित महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की सूचना बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को दें।
शामली पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का प्रभावी संदेश देना है। पुलिस ने जनपद की सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों अथवा निकटतम पुलिस थाने से तत्काल संपर्क करने की अपील की।
