पाकुड़ में युवा कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, संगठन मजबूती पर दिया गया जोर
Youth Congress district executive committee meeting concludes in Pakur; emphasis placed on strengthening the organization.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय पाकुड़ में शनिवार को युवा कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. तनवीर आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा पार्टी की विचारधारा एवं जनहितकारी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. तनवीर आलम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ-बूथ तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी विचारों को लोगों तक पहुंचाएं तथा जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाएं। डॉ. तनवीर आलम ने संगठनात्मक अनुशासन, आपसी समन्वय और टीम भावना को संगठन की मजबूती का आधार बताते हुए कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से ही पार्टी जनता के बीच अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा सकती है। उन्होंने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन एवं जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बिलाल शेख, लक्ष्मीकांत, इम्तियाज रिजवी, दिलदार आलम, नसीम आलम, जलालुद्दीन शेख सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।



