अमरोहा

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत

मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 
 अमरोहा , हसनपुर।  हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अगापुर उर्फ याकूबपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर नगर के मोहल्ला रहरा अड्डा निवासी स्वर्गीय उमेश की पुत्री प्रीति का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व गांव अगापुर उर्फ याकूबपुर निवासी गुड्डू के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह में पर्याप्त दान-दहेज दिए जाने के बावजूद ससुराल पक्ष चार पहिया वाहन की मांग करता था और इसी बात को लेकर प्रीति के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी।
मृतका की बड़ी बहन कविता ने बताया कि शनिवार को ससुराल वालों ने कथित रूप से प्रीति को जहरीला पदार्थ दे दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि हालत गंभीर होने के बाद भी उसे समय पर उपचार नहीं दिलाया गया, जिसके चलते देर शाम उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन हसनपुर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने परिजनों को समझाकर शांत कराया तथा तहरीर  और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर निष्पक्ष एवं  कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button