जिलाधिकारी ने कृषि उत्पादन मण्डी समितियों की समीक्षा कर आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
संभल। (बहजोई) जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में कृषि उत्पादन मण्डी समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की मण्डी समितियों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, राजस्व प्राप्ति तथा अवस्थापना विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मण्डी परिसरों में साफ-सफाई, आंतरिक मार्गों एवं अन्य अवस्थापना संबंधी कार्यों के फोटोग्राफ एवं वीडियो प्रस्तुत करने को लेकर कहा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति बबराला में दुकानों की स्थिति, मण्डी शुल्क की वसूली, मण्डी आय, सुपर मार्केट की दुकानों, संचालित कांटों, इलेक्ट्रॉनिक कांटों, कैंटीन, साफ-सफाई तथा परिसर के आंतरिक मार्गों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को निर्देशित किया कि जनपद की सभी मण्डी समितियों से संबंधित अवस्थापना एवं अन्य विकास प्रस्तावों का संकलन कर उनके माध्यम से मण्डी परिषद के निदेशक को पत्र प्रेषित किए जाएँ। साथ ही मण्डी परिसरों में साफ सफाई, जल निकासी, देनदारियों तथा अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) को मण्डी समितियों में वाहनों के प्रवेश की रैंडम जांच कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों एवं कार्यवृत्त के अनुपालन की प्रगति अगली बैठक में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। बहजोई मण्डी समिति में साफ-सफाई एवं अन्य अवस्थापना संबंधी कार्यों की निगरानी के लिए डिप्टी कलेक्टर रामानुज को निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त मण्डी परिसर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों को निरंतर संचालित रखने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बहजोई मण्डी समिति के दोनों प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरे निरंतर क्रियाशील रहें तथा उनकी एक्सेस डीपीएमयू को उपलब्ध कराई जाए, जिससे प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर रामानुज, डिप्टी कलेक्टर नीरज द्विवेदी,जनपद के समस्त मण्डी सचिव तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



