
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के कुकुरलीलवा गांव में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान जानकी महतो, उनकी पत्नी और उनकी पुतोहू के रूप में बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की हत्या धारदार हथियार से किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद पड़ोस में रहने वाले राजू सिंह द्वारा आत्मसमर्पण किए जाने की सूचना है।
हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। झामुमो के केंद्रीय नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो उर्फ जेली, सुरेश कुमार, आजसू महिला नेत्री यशोदा देवी, जीप सदस्य फुलमती देवी एवं जीप सदस्य प्रतिनिधि टिकैत महतो सहित अन्य लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।




