
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बिजनौर। जिला मेडिकल अस्पताल में डॉक्टर बनकर ठगी करने का मामला सामने आया जिसमें अस्पताल में अपने पति का इलाज कराने आई एक महिला को ठग ने डॉक्टर बनकर झांसे में लिया और खून चढ़ाने की आवश्यकता बताकर उससे ₹1100 ठग लिए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने खुद को अस्पताल का डॉक्टर बताते हुए जल्द खून की व्यवस्था कराने की बात कही और इसी बहाने नकद रुपये ले लिए। कुछ देर बाद जब महिला को पूरे मामले पर संदेह हुआ और उसने अस्पताल कर्मियों से जानकारी की, तब उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हो चुकी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है। कि अस्पताल परिसर में ठग मरीजों और उनके तीमारदारों को निशाना बना रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।


