राज्य में चल रहे JPSC-JSSC आंदोलन को लेकर जामताड़ा के छात्रों ने किया प्रेस वार्ता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : रांची में चल रहे JPSC – JSSC आंदोलन को लेकर शनिवार को जामताड़ा में छात्रों ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार से मामले का शीघ्र और निष्पक्ष समाधान करने की मांग की। छात्रों ने कहा कि झारखंड के हजारों युवा लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े विवादों के कारण छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वही छात्र निर्भय मंडल ने कहा कि JPSC-JSSC की परीक्षाओं एवं नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो। वहीं छात्र राकेश मंडल ने कहा कि सरकार को आंदोलनरत छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ ठोस कदम उठाना चाहिए। प्रेस वार्ता के माध्यम से छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं राज्य सरकार तक अपना संदेश पहुंचाते हुए जल्द समाधान की मांग की।



