
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़। जामताड़ा जिले के विभिन्न प्रखंडों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के सशक्त पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण के तहत शनिवार को करमाटांड़ प्रखंड की माट्टार पंचायत का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त असीम किसपोट्टा, प्रशिक्षु पदाधिकारी सह परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता स्नेहा कुमारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद एजाज हुसैन अंसारी ने पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पंचायत भवन, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, बागवानी योजना एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का निरीक्षण किया। विद्यालय में चारदीवारी निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पीडीएस दुकान के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीलर को सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी लाभुकों के बीच समय पर एवं पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की सभी विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं की नियमित निगरानी के साथ कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर प्रिया कुमारी, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, पीडीएस डीलर सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।



