सड़क हादसे में घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Teenager injured in road accident dies during treatment; family devastated.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र अन्तर्गत जयकिष्टोपुर उर्फ नारायणखोर पंचायत के साहिल राजा नामक किशोर की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि घटना शनिवार रात करीब 10 बजे जयकिष्टोपुर पंचायत के नया अंजना मोड़ के समीप हुई। साहिल राजा बाइक से जा रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल किशोर को बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की देख-रेख में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बाइक स्टंट का था शौक, हादसे ने छीन ली जिंदगी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, साहिल राजा को बाइक चलाने और स्टंट करने का शौक था। बताया जाता है कि वह बाइक से तरह-तरह के करतब दिखाने में माहिर था। हालांकि, हादसे के समय वह स्टंट कर रहा था या नहीं, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने युवाओं से बाइक चलाते समय सावधानी बरतने और किसी भी तरह के जोखिम भरे स्टंट से बचने की अपील की



