जन विश्वास अभियान के शिविरों में लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करें : कलेक्टर
समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 14 अगस्त को नगरीय क्षेत्र बैढ़न एवं नवजीवन विहार में आयोजित होने वाले शिविरों की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। शिविरों में आधार, समग्र, आयुष्मान योजना एवं नगर निगम से संबंधित कर भुगतान के लिए काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं राजस्व संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा।
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए तिरंगा रैलियों के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद की उपलब्धता की समीक्षा कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और खाद-बीज दुकानों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केन्द्रों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एनआरसी में कोई भी बेड खाली न रहे और कुपोषित बच्चों को समय पर भर्ती कराया जाए। उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों की जांच कर आवश्यक मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने तथा शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



