खैरथल
हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जिले में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। केन्द्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली एवं निदेशक, सैनिक कल्याण विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के समस्त भूतपूर्व सैनिक, वीर योद्धाओं के परिवारजन अपने-अपने निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान में सहभागिता निभाएंगे तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी [www.harghartiranga.com](http: //www.harghartiranga.com) पर अपलोड करेंगे।
अभियान के तहत जिले के समस्त गौरव सेनानी, वीरांगनाएं, उनके परिवारजन, सैनिक संगठन एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस से एक दिवस पूर्व स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ शहीद स्मारकों तक तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों में देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों के साथ संवाद कर स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र सेवा एवं देशभक्ति की भावना से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से उन्हें प्रेरित किया जाएगा।
जिले के समस्त सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं, उनके परिवारजनों, सैनिक संगठनों एवं आमजन से अपील है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हर घर तिरंगा अभियान-2026 में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाएं, अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।


