धर्ममथुरा

वृंदावन में हरियाली अमावस्या पर अंतिम फूल बंगले में विराजे ठाकुर श्रीबांकेबिहारी 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में हरियाली अमावस्या पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी सीजन के आखिरी फूल बंगले में विराजमान हुए। सुगंधित पुष्पों से सजे बंगले में विराजमान आराध्य के दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। सुबह से ही मंदिर की ओर जाने वाली गलियों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसर राधे-राधे और श्रीबांकेबिहारी के जयकारों से गुंजायमान हो गया। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में फूलबंगलों के सीजन के आखिरी 139वें दिन मंदिर में विशेष सजावट की गई। जगमोहन से लेकर प्रांगण (चौक) तक को सुगंधित फूलों से कलात्मक रूप में सजाया गया। फूल बंगले को बेला, चमेली, गुलाब और गेंदा के पुष्पों से तैयार किया गया था। फूलों से मंदिर प्रांगण महक उठा। जगमोहन में विराजमान श्रीबांकेबिहारी के अलौकिक रूप को निहारकर भक्त भावविभोर हो उठे। भीड़ से खचाखच भरे मंदिर में कई भक्तों ने अपने बच्चों को कंधों पर बैठा लिया। मंदिर के बाहर पुलिसकर्मी गलियों में श्रद्धालुओं को जगह-जगह होल्डिंग एरिया में रस्से से रोक-रोककर समयांतराल के बाद मंदिर की ओर भेज रहे थे। मंदिर के सेवायत प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि प्रतिवर्ष चैत्र शुक्ल एकादशी से हरियाली अमावस्या तक 109 दिन मंदिर में फूल बंगले सजाए जाते हैं। इस बार अधिक मास पड़ने के कारण सुबह और शाम 139 दिन फूल बंगले सजाए गए। केवल एक दिन अक्षय तीज पर फूल बंगला नहीं सजाया जाता है। उन्होंने बताया कि ठाकुरजी फूलबंगला की परंपरा के पूर्ण होने पर दो दिन बृहस्पतिवार एवं शुक्रवार को गर्भगृह में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इसके बाद हरियाली तीज पर जगमोहन में सोने-चांदी के हिंडोला में विराजमान होकर दर्शन देंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button