जामताड़ा
करमाटांड़ क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस
स्कूलों और थानों में दिखा गजब का उत्साह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़ (जामताड़ा) : प्रखंड क्षेत्र में 79वां स्वतंत्रता दिवस बेहद धूमधाम,ार हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय, थाना परिसर, विभिन्न पंचायतों और क्षेत्र के तमाम सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। समारोह के दौरान पूरा क्षेत्र ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर इस बार सुरक्षा और अनुशासन का एक अनूठा नजारा देखने को मिला। करमाटांड़ थाना परिसर में थाना प्रभारी और पुलिस बल के जवानों द्वारा बेहद शानदार तरीके से परेड का आयोजन किया गया। पुलिसकर्मियों के कदमताल और अनुशासित मार्च पास्ट ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। ठीक इसी प्रकार, क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी मार्च पास्ट (परेड) में हिस्सा लिया। बच्चों की बेहतरीन प्रेड़ और उनके कदमताल ने स्वतंत्रता दिवस के इस पर्व की शोभा को कई गुना बढ़ा दिया।
विद्यालयों में सुबह से ही छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने राष्ट्र ध्वज फहराने के बाद देश के वीर सपूतों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। इस दौरान कई स्कूलों में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक और नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
प्रखंड मुख्यालय में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने झंडोत्तोलन कर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस बार की बेहतरीन परेड और अनुशासन ने क्षेत्रवासियों के दिलों में देश प्रेम की एक अलग ही अलख जगाई, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।



