
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव झुडी माफी गांव में सोमवार को पुराने कुएं की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण कुएं के पास एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए उसकी चारदीवारी कराने के साथ ही चबूतरा बनवाकर लोहे का जाल लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बीच स्थित यह कुआं करीब 50 वर्ष पुराना है। समय के साथ इसकी चारदीवारी जमीन से भी नीचे हो गई है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, कुएं के आसपास गंदगी भी फैली रहती है। इसके बावजूद लोग यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
ग्रामीणों कुएं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व गांव निवासी किसान श्रीराम की भी कुएं में गिरने से मौत हो चुकी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि कुएं की तत्काल चारदीवारी कराकर उसके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया जाए तथा चबूतरा और मजबूत जाल लगवाया जाए, ताकि भविष्य में कोई हादसा न हो।
प्रदर्शन करने वालों में राम सिंह, पोशाक, अर्जुन, योगेश, शिव सिंह, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह, कृष्ण सिंह, चंद्रपाल खड़गवंशी, मेवाराम खड़गवंशी और रूप सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।



