
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज 23 अगस्त 2026 को जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते हुए जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त- सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने रविवार को गूगल मीट के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।ओझाटोली घाट पर गंगा का जलस्तर लगभग 27.25 मीटर दर्ज किया गया है,जो खतरे के निशान के समतुल्य है।आगामी एक-दो दिनों में जलस्तर और बढ़ने की संभावना को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल फ्लड रिस्पांस मेजर्स लागू करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने साहिबगंज,राजमहल एवं उधवा में राहत शिविरों को तैयार रखने तथा वहां स्वच्छ पेयजल,भोजन,सूखा राशन, दरी-गद्दा,प्रकाश,शौचालय,बच्चों के लिए बेबी मिल्क पाउडर एवं मवेशियों के लिए बिचाली-कुट्टी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। तटवर्ती एवं दियारा क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए जागरूक करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल रसद पानी का वितरण शुरू करने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने स्थानीय मुखिया,जनप्रतिनिधियों एवं थाना प्रभारियों के माध्यम से लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कराने को कहा।बचाव कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी नावों में पर्याप्त लाइफ जैकेट रखने का निर्देश दिया गया।स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने,पर्याप्त मात्रा में एंटी-वेनम उपलब्ध रखने एवं बोट एम्बुलेंस को तैयार रखने को कहा गया।सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाएं और आवश्यक चिकित्सकीय सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना मिलते ही मेडिकल टीम बिना विलंब के बोट एम्बुलेंस एवं जिला प्रशासन की मोटर बोट के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए।पशुपालन विभाग को मवेशियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के लिए पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया।विस्थापित मवेशियों के लिए राहत केंद्र,शेड एवं पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने को भी कहा गया।वही गुमानी नदी के फाटकों से नियंत्रित तरीके से जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया,ताकि नदी के निचले हिस्सों में बाढ़ की संभावना को कम किया जा सके।आगे उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन का प्रत्येक तंत्र अलर्ट मोड में रहे। सभी विभाग आपसी समन्वय एवं त्वरित निर्णय के साथ कार्य करते हुए प्रभावित लोगों तक राहत, बचाव,भोजन,चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता जनजीवन की सुरक्षा है,किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार,सिविल सर्जन डॉ.रामदेव पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द,अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानन्द महतो,नगर परिषद साहिबगंज एवं नगर पंचायत राजमहल के कार्यपालक पदाधिकारी,संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी,जिला पशुपालन पदाधिकारी,सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए।



